boltBREAKING NEWS

सम्मोहित करके महिला को ठगा: 3 महिलाओं ने की वारदात; रूमाल में 10 का सिक्का दिया

सम्मोहित करके महिला को ठगा: 3 महिलाओं ने की वारदात; रूमाल में 10 का सिक्का दिया

पानीपत। हरियाणा के पानीपत जिले में सनौली रोड पर घर से दवाई लेने गई अधेड़ महिला को तीन महिलाओं ने ठग लिया। सम्मोहित करके महिलाएं उसके आभूषण लेकर फरार हो गईं। बदले में ठग महिलाओं ने एक रूमाल में 10 का सिक्का बांधकर अधेड़ को वापस कर दिया। महिला जब सम्मोहन से होश में आई तो उसे वारदात होने का पता लगा। इसके बाद वह घबराई हुई घर पहुंची और सारी बात परिजनों को बताई। परिजनों ने डायल 112 पर कॉल की। कॉल करने के बाद चांदनीबाग थाना पुलिस पीड़िता के पास पहुंची। मौका मुआयना करके मामला किला थाना क्षेत्र का होना बताते हुए पीड़िता को वहां से भेज दिया। पीड़िता किला थाना गई। किला थाना पुलिस ने मौका मुआयना करके मामला चांदनीबाग थाना क्षेत्र का होना बताया। इस तरह दोनों थानों की पुलिस ने पीड़िता व उसके परिवार के रात 12 बजे तक इधर-उधर चक्कर कटवाए। दोनों थाना पुलिस की आपसी बहस के बाद किला थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया।

रूमाल देकर ठग महिलाएं बोली: अभी मत खोलना इसे

पुलिस को दी शिकायत में 50 वर्षीय बबली रानी ने बताया कि वह वार्ड 8 रमायणी चौक की रहने वाली है। 9 अप्रैल को वह सनौली रोड शिव चौक स्थित एक डॉक्टर से अपने घुटने के दर्द की दवाई लेने गई थी। शाम करीब 6 बजे जब वह डॉक्टर से दवाई लेकर वापस घर की ओर जा रही थी। रास्ते में उसे तीन अज्ञात महिलाएं मिलीं। बातों के दौरान उन्होंने उसे सम्मोहित कर दिया। वे बबली को इधर-उधर घूमाती रहीं, फिर भीम गोडा चौक ले जाकर उसकी सोने की बालियां व सोने का मंगलसूत्र निकलवा कर महिलाओं ने अपने कब्जे में ले लिया। बदले में महिलाओं ने एक सफेद रूमाल दिया और कहा कि तेरा सामान इस कपड़े में है। रूमाल को अभी खोलकर मत देखना। इसी बीच तीनों औरतें वहां से लापता हो गईं। काफी देर बाद होश में आने पर महिला ने वह रूमाल खोलकर देखा तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। रूमाल में एक 10 का सिक्का बंधा हुआ था।