बाड़मेर । शादी के 3 साल बाद विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया है। विवाहिता का शव घर के कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला।
पीहर पक्ष के आने के बाद शव को सिणधरी हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। घटना बाड़मेर सिणधरी कौशलू गांव बुधवार की है।
पीहर पक्ष ने विवाहिता के पति, सास, ससुर सहित 6 लोगों के खिलाफ दहेज के लिए मर्डर करने की रिपोर्ट दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। परिजन व समाज के लोगों ने सिणधरी मॉर्च्युरी के आगे धरना देकर नामजद आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे है।
सिणधरी पुलिस को बायतु कोलु निवासी लखाराम पुत्र पूराराम ने रिपोर्ट देकर बताया कि बेटी मूमल की शादी 3 साल पहले जसराज पुत्र खेताराम के साथ की थी। शादी के बाद से उसका पति जसराज, सास जेठीदेवी, ससुर खेताराम, जेठ भैराराम, देवर धनाराम, देवरानी चुकी पत्नी सवाईराम दहेज के लिए परेशान करते थे। सामाजिक स्तर पर कई बार पंचायती हुई लेकिन ससुराल वाले लगातार परेशान कर रहे थे। प्रताड़ना से परेशान होकर 3 जुलाई को विवाहिता मूमल सिणधरी थाना पहुंचकर रिपोर्ट दी।
ससुराल वाले मुझे जाने से खत्म किए बिना नहीं छोड़ेगे। पुलिस पर आरोप लगाया है कि रिपोर्ट के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
विवाहिता के पीहर पक्ष का आरोप है कि बुधवार को मूमल के पति, सास, ससुर सहित ससुराल के लोगों ने जान से मारकर फांसी के फंदे पर लटकाकर सुसाइड का रूप देने की कोशिश की गई। जानकारी मिलने पर सिणधरी पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं बालोतरा डीएसपी नीरज शर्मा पहुंची।
पुलिस ने विवाहिता के शव को सिणधरी हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया। पीहर पक्ष की मांग पर डीएसपी नीरज शर्मा की उपस्थिति में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया।
इसके आक्रोशित पीहर पक्ष ने मॉर्च्युरी के बाहर ही धरना दे दिया। पीहर पक्ष ससुराल वालों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए है। गुरुवार को सुबह भी पीहर पक्ष धरने पर बैठा है।
सिणधरी थाने एएसआई हनुमानराम के मुताबिक थाने पर जानकारी मिलते ही घटना स्थल पर पहुंचे। डीएसपी नीरज शर्मा मौके पर आए। शव को नीचे उतारकर मॉच्यूरी में रखवाया। परिजनों की रिपोर्ट पर ससुराल वालों के खिलाफ मर्डर का मामला दर्ज किया।
मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया। पति-पत्नी के बीच घरेलू मामला है। पहले भी महिला थाने में मामले दर्ज हो रखे है। पीहर पक्ष रिपोर्ट में नामाजद आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे है।