जयपुर। राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 के लिए भाजपा का घोषणा पत्र आज पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जयपुर में जारी किया। कांग्रेस की 7 गारंटियों के जवाब में भाजपा ने अपना घोषणा पत्र जारी किया। जेपी नड्डा आज एक दिनी प्रवास पर सुबह जयपुर एयरपोर्ट पर पहुंचे। जहां भाजपा प्रदेश पदाधिकारी और कार्यकर्ता उनका जमकर स्वागत किया। भाजपा संकल्प पत्र को तैयार करने के लिए केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, सह-संयोजक राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी, किरोड़ी लाल मीणा, राष्ट्रीय मंत्री और पूर्व विधायक अलका सिंह गुर्जर, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष राव राजेंद्र सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुभाष महरिया, प्रभुलाल सैनी और राखी राठौड़ ने करीब डेढ़ महीने तक लगातार अलग-अलग बैठकों के जरिए और आम पब्लिक के सुझाव लिए थे।
घोषणा पत्र की अहम बातें -
सबका साथ सबका विकास का मूल मंत्र। गांव पीड़ित शोषित अजा-अजजा महिला सभी को सशक्त करना इस घोषणा पत्र का मूल उद्देश्य है।
1. केजी से पीजी तक मुफ़्त शिक्षा।
2. 12वीं पास मेधावी छात्राओं को फ्री स्कूटी।
3. पेपर लीक पर SIT का होगा गठन।
4. 2.5 लाख नौकरियां दी जाएंगी।
5. हर जिले में खोला जाएगा महिला थाना व हर पुलिस स्टेशन में महिला डेस्क।
6. एंटी रोमियो स्क्वायड स्थापित होगी।
7. 40000 करोड़ का भामाशाह हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन।
8. 15000 डॉक्टर और 20000 पैरामेडिकल स्टाफ की नई नियुक्तियां होगी।
9. लाडो प्रोत्साहन योजना बालिका के जन्म पर 200000 के सेविंग बॉन्ड से वित्तीय सहायता।
10. लखपति दीदी योजना के अंतर्गत 6 लाख से ज्यादा ग्रामीण महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण।
11. पीएम उज्जवला योजना की सभी महिलाओं को ₹450 प्रति सिलेंडर सब्सिडी।
12. आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को यूनिफॉर्म आदि के लिए ₹1200 की वार्षिक सहायता।
13. पर्यटन कौशल कोष बनाकर 5 लाख युवाओं को प्रशिक्षित कर रोजगार अथवा स्वरोजगार।
14. एम्स की तर्ज पर हाई डिवीजन में राजस्थान इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलॉजी एवं राजस्थान इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंस।
15. मानगढ़ धाम को भव्य ट्राइबल डेस्टिनेशन के रूप में किया जाएगा विकसित।
16. गेहूं 2700/रुपए कुंतल खरीदा जाएगा।