बनेड़ा (केके भण्डारी) । 22 जनवरी के शुभ दिन अयोध्या में प्रभु श्रीराम के बाल स्वरूप रामलला के नूतन विग्रह को विराजित कर प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इस हेतु बनेड़ा तहसील क्षेत्र प्रखंड बनेड़ा में भी आयोजन संबंधी पत्रक, श्रीराम मंदिर का चित्र एवं पीले चावल विश्व हिंदू परिषद कार्यालय में पहुंच गए हैं, जिनका विधिवत पूजन कर 27 दिसंबर बुधवार से वितरण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
विशेष संपर्क प्रमुख कैलाश चंद्र देराश्री ने बताया कि इस हेतु शीघ्र ही विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल प्रखंड बनेड़ा के सभी कार्यकर्ताओं की बैठक कार्यालय में आयोजित कर सभी को क्षेत्रवार सामग्री देकर घर-घर पहुंचाने और कार्यक्रम को भव्यता प्रदान करने की जिम्मेदारी सौंपी जा रही हैं। क्षेत्र के सभी धार्मिक व सामाजिक संगठनो का भी सहयोग लिया जाएगा। इस आयोजन को लेकर लोगों में अति हर्ष और उत्साह देखा जा रहा है।