भीलवाड़ा (विजय गढवाल) जिले की मांडलगढ विधानसभा क्षेत्र के भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के नेताओं को अल्टीमेट दिया है कि अगर गोपाललाल शर्मा को बदला तो सामूहिक रूप से निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारा जाएगा और इसकी तैयारियां कर ली गई है। नामांकन के दिन एक बड़ी रैली भी की जाएगी। त्रिवेणी में कल भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ एकजुट हुए भाजपा के लोगों का प्रतिनिधी मंडल आज जयपुर में भाजपा नेताओं से मिला।
भीलवाड़ा से जयपुर गए भगवानसिंह ने दूरभाष पर बताया कि मांडलगढ भाजपा के नेताओं का प्रतिनिधि मंडल प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया व अन्य नेताओं से मिला और उन्हें साफ-साफ शब्दों में कहा है कि पार्टी ने जिसे प्रत्याशी बनाया है उसने अपने कार्यकाल में कांग्रेसीकरण किया है और भाजपा कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की है। इसके अलावा कई अन्य आरोप लगाते हुए पार्टी प्रत्याशी बदलने की मांग की। साथ ही चेतावनी भी दी है कि प्रत्याशी नहीं बदलने पर उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया है। भगवान सिंह ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधराराजे ने इस संबंध में लगभग दस मिनट तक चर्चा की। प्रतिनिधि मंडल में भगवान सिंह के साथ ही गणेश पारीक, हरीश भट्ट, श्याम खटीक, ओम मेडतिया, रामेश्वर मूंदड़ा, गिरिराज सिंह शक्तावत, मृत्यूंजय सिंह सहित अन्य लोग शामिल थे।
सिंह ने बताया कि मांडलगढ भाजपा के नाराज कार्यकर्ता और नेताओं ने अपनी बात प्रदेश के नेताओं को बताकर अब गेंद उनके पाले में फेंक दी है, अगर प्रत्याशी बदला जाता है तो वह भाजपा को जिताने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे, लेकिन यहीं स्थिति रहती है तो निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में उतारा जाएगा और उसे जिताने के हर संभव प्रयास किए जाएंगे।