हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का कहर जारी है। मौसम विभाग के अलर्ट के बीच बीती रात से प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश हो रही है। भारी बारिश के चलते जगह-जगह भूस्खलन से मंगलवार सुबह तक 147 सड़कें ठप थीं। इसके अलावा 475 बिजली ट्रांसफार्मर व 50 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हैं। सबसे ज्यादा 43 सड़कें कुल्लू जिले में ठप हैं।
वहीं चंबा में 33, शिमला 32 और सिरमौर जिले में 21 सड़कें बाधित हैं। उधर, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से आज प्रदेश में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि 25 अगस्त के लिए येलो अलर्ट जारी हुआ है। पर्यटकों व स्थानीय लोगों को नदी-नालों से दूर रहने की सलाह दी गई है। साथ ही संबंधित विभागों की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने को कहा गया है। पूरे प्रदेश में 30 अगस्त तक मौसम खराब बना रहने की संभावना है।
इन जिलों में अचानक बाढ़ का खतरा
भारी बारिश के चलते नदी-नालों में जल स्तर बढ़ने से कई जिलों में बाढ़ आने का खतरा जताया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान कांगड़ा, चंबा, मंडी, कुल्लू, शिमला, सोलन, किन्नौर व सिरमौर के कई भागों में अचानक बाढ़ का खतरा जताया है।
2
चौहार घाटी में तबाही, जान जोखिम में डाल स्कूल पहुंचे बच्चे
मंडी जिले की चौहारघाटी में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बीते दिनों फियुंनगलू-धरमेहड़-सुधार और सिल्ह-बुधानी मार्ग जगह-जगह भूस्खलन से बाधित हुआ था। वहीं मंगलवार रात को फिर हुई बारिश से लोगों की दिक्कतें और बढ़ गई हैं। सिल्हबुधानी पंचायत के कुंगड़ गांव के विद्यार्थी भूस्खलन के चलते बंद हुए रास्ते को जोखिम में पार कर स्कूल पहुंच रहे हैं।
3
सुधार मार्ग में करसेहड़ के पास सड़क धंसने से एक कार को नुकसान पहुंचा है। सिल्हबुधानी सड़क में पेड़ गिरने से एक टिप्पर को नुकसान हुआ है। दगवाण धार के पास पहाड़ी से भूस्खलन और चट्टानें गिरने से मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। यहां दो पहिया वाहन निकालना भी मुश्किल हो गया है। सुधार पंचायत प्रधान निशा ठाकुर ने बताया कि नुकसान के बारे में स्थानीय राजस्व अधिकारी को अवगत कराया गया है।
4
वहीं, जिले की राजकीय माध्यमिक पाठशाला तवाराफी में मूसलाधार बारिश के कारण भूस्खलन से तबाही हुई है। स्कूल के इंचार्ज राकेश कौशल ने बताया कि भारी बारिश के कारण स्कूल मैदान के सामने की पहाड़ी से भूस्खलन हुआ और बड़े-बड़े पत्थर स्कूल कैंपस के अंदर तक आ पहुंचे। एक पत्थर सीधा स्कूल भवन की दूसरी मंजिल की रेलिंग से टकराया। गनीमत रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि नुकसान की सूचना शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है।
5
चंबा में भारी बारिश ने बरपाया कहर
वहीं, चंबा जिले में सलूणी, चुराह उपमंडल में भारी बारिश से व्यापक नुकसान हुआ है। जलस्तर बढ़ने से सलूणी हिमगिरि सड़क (शुक्राह) पर मढ़ी नाला पर बना पुल बह गया है। इससे सलूणी- हिमगिरी मार्ग पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है। ग्राम पंचायत (कुठेड बुधोड़ा) के गांव प्रितमास में भारी बारिश से मक्की की फसल बरबाद हो गई है।

6 कुल्लू जिले में भी कई सड़कें ठप,
कुल्लू जिले में तीन दिन मौसम साफ रहने के बाद रात को जमकर बादल बरसे हैं। जिले में तेज बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हुआ। बागवानों को सेब तुड़ान करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

7 रोहतांग दर्रा के साथ जनजातीय जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ के फाहे गिरे हैं। इससे तापमान में एकाएक गिरावट दर्ज की गई। इससे ऊंचाई वाले भागों में ठंडक बढ़ गई है।

8 सिरमौर जिले में भी भारी बारिश से कई मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। भूस्खलन से लाना-पालर-संगड़ाह मार्ग डूंगी गांव के समीप पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया। वहीं पांवटा-साहिब-शिलाई एनएच-707 पर कमरऊ के समीप खजियार में बंद होने से वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं। हाईवे पर जगह-जगह भूस्खलन हुआ है।

9 जिला मुख्यालय नाहन के समीप मारकंडा नदी में डूबने से एक 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पुलिस ने युवक का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए नाहन मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। बताया जा रहा है कि मंगल सिंह पुत्र मदनलाल निवासी गांव रुखड़ी मारकंडा नदी पार कर रहा था। इसी बीच वह पानी में तेज बहाव की चपेट में आने से डूब गया। उधर, बिलासपुर में सीर खड्ड का जलस्तर बढ़ गया है।

10 कांगड़ा जिले के लंबागांव खंड के अंतर्गत आने वाले गांव हलेड़ में भारी बारिश के चलते हलेड़ खड्ड का जल स्तर बढ़ गया और पानी व मलबा दुकानों, घरों में घुस गया। एक दुकान भी ध्वस्त हो गई। लोग रात भर बचाव कार्य में लगे रहे। हालांकि रात को ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे और बचाव कार्य शुरू कर दिया था। लेकिन लोग इससे संतुष्ट नहीं हुए। लोगों ने बुधवार सुबह 9:30 बजे के करीब दुकानों से सामान सड़क के बीचोंबीच रख कर प्रदर्शन किया। लोगों का कहना है कि जब तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं होता तब तक सड़क को बंद रखा जाएगा। सूचना मिलते ही विधायक रविंद्र रवि सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया।

11मनाली में भारी बारिश से हाईवे पर पहुंचा मलबा
पर्यटन नगरी मनाली में रात को हुई भारी बारिश के कारण भजोगी और सियाल नाला उफान पर आ गए। इससे मनाली के प्रवेश द्वार पर वोल्वो बस स्टैंड के समीप बड़ी मात्रा में मलबा नेशनल हाईवे पर आ गया। इस वजह से नेशनल हाइवे घंटों तक यातायात के लिए ठप रहा। एसडीएम सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि यातायात बहाल कर दिया गया है।

12 वहीं, अंधड़ से कांगड़ा जिले के खैरा व आसपास भागों में पेड़ गिरने से काफी नुकसान हुआ है। करीब आधा घंटा चले अंधड़ से कई पेड़ घरों की छतों पर तो कई भवनों पर गिर गए। कई घरों की छतें भी उखड़ीं, पानी की टंकियों सहित अन्य सामान दूर जाकर गिरा। पंचायत घर खैरा की छत तूफान से उड़कर विश्राम गृह परिसर में गिर गई। वहीं, वाहे दा पट में राजस्व विभाग के कार्यालय की छत पर भी स्वास्थ्य विभाग परिसर से एक विशाल पेड़ गिर गया। ग्रामीण राजस्व अधिकारी मीनाक्षी ने बताया की पेड़ गिरा है। टीका कन्यारखड में सावित्री देवी के घर के छज्जे पर पेड़ गिरने से काफी नुकसान हुआ। कन्यार खड़ में ही पूर्ण चंद व कुलतार चंद की मक्की की खड़ी फसल भी अंधड़ की भेंट चढ़ गई। आसपास के गांवों में भी कई पेड़ गिरे हैं। पेड़ों के गिरने से जगह-जगह विद्युत विभाग की तारें तथा खंभे टूटने से विद्युत आपूर्ति बाधित हुई।